सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। नगर व क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि अधिकारियों की साठगांठ से मानक पूरे न करने वाले स्कूलों को भी मान्यता दे दी गई है, जिससे अभिभावकों का शोषण हो रहा है।
शिक्षा सत्र शुरू होते ही क्षेत्र में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई का सपना दिखाकर अभिभावकों से ड्रेस, कॉपी-किताबों और अन्य सामग्री के नाम पर जमकर वसूली की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई स्कूल निर्धारित मानकों को पूरा नहीं करते, इसके बावजूद उन्हें मान्यता मिल गई है।
बताया जा रहा है कि विभागीय अधिकारियों की कथित साठगांठ के चलते कई ऐसे विद्यालय भी संचालित हो रहे हैं, जिनका संचालन घरों में किया जा रहा है। कुछ विद्यालय ऐसे भी हैं जिन्हें किसी भी बोर्ड की मान्यता प्राप्त नहीं है, इसके बावजूद वे खुलेआम संचालित हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिकारियों को इन गैर-मान्यता प्राप्त विद्यालयों की जानकारी होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। आरोप है कि विद्यालय संचालकों की उच्च अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से सांठगांठ होने के कारण कार्रवाई नहीं हो पा रही।
अभिभावकों के अनुसार इन विद्यालयों के खिलाफ कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक किसी अधिकारी ने जांच करने या कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठाई।
कुछ विद्यालय ऐसे भी हैं, जिनके पास सीबीएसई की मान्यता नहीं है, लेकिन वे उसी पैटर्न पर पढ़ाई कराकर अभिभावकों को भ्रमित कर रहे हैं और उनसे अधिक शुल्क वसूल रहे हैं।
अभिभावकों ने शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से गैर-मान्यता प्राप्त विद्यालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो सके।


















