रायबरेली। राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश लखनऊ की अधिसूचना (संशोधन) के क्रम में जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) रायबरेली हर्षिता माथुर ने बताया है कि जनपद में त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली का संशोधित समय सारिणी के अनुसार वृहद पुनरीक्षण किया जायेगा।
उन्होंने बताया है कि संशोधित तिथि के अनुसार दावे/आपत्तियों के निस्तारण के उपरान्त हस्तलिखित पाण्डुलिपियां तैयार करना, जमा करना एवं संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन/निस्तारण की कार्यवाही करने की अवधि 16 मार्च 2026 तक निर्धारित की गई है। 21 फरवरी से 16 मार्च 2026 तक पूरक सूचियों की कम्प्यूटरीकृत पाण्डुलिपि तैयार किया जायेगा।
17 मार्च से 13 अप्रैल 2026 तक मतदेय स्थलों के वार्डों की मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, एसवीएन आवंटन, मतदाता सूची की डाउनलोडिंग आदि किया जायेगा। 15 अप्रैल 2026 को निर्वाचक नामावलियों का जनसामान्य के लिए अन्तिम प्रकाशन किया जायेगा।
जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) ने निर्देश दिये है कि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं समस्त उपजिलाधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, जनपद रायबरेली एवं समस्त खण्ड विकास अधिकारी/समन्वयक अधिकारी द्वारा अपने क्षेत्राधिकार के अन्तर्गत त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा सार्वजनिक जानकारी हेतु समस्त सम्बन्धित कार्यालयों के सूचना पट्ट पर भी यह कार्यकम प्रदर्शित किया जाएगा।
निर्वाचक नामावली के वृहद् पुनरीक्षण के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश दिवसों में सम्बन्धित कार्यालय खुले रहेंगे तथा निर्धारित समय सारिणी के अनुसार निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण का कार्य पूर्ण कराया जायेगा।
इनसेट-
दावे और आपत्तियां प्राप्त करने हेतु विशेष अभियान 22 फरवरी को
रायबरेली। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ ने बताया है कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 (एसआईआर) कार्यक्रम के अन्तर्गत आयोग द्वारा दावें और आपत्तियां प्राप्त करने हेतु 22 फरवरी, 2026 (रविवार) को विशेष अभियान तिथि निर्धारित की गई है।
विशेष अभियान तिथि में बूथ लेविल अधिकारियों द्वारा अपने मतदेय स्थल पर निर्धारित समय (पूर्वान्ह 10ः30 बजे से 04ः30 बजे तक) के मध्य आलेख्य निर्वाचक नामावली पढ़ी जाएगी तथा दावे-आपत्ति प्रपत्र 6, 7 व 8 पर घोषणा पत्र (अनुलग्नक-IV) के साथ ली जाएगी। विशेष अभियान तिथि में गणना अवधि के दौरान अनुपस्थित/स्थानांतरित/मृतक/डुब्लीकेट (एएसडी) श्रेणी में मार्क किए गए निर्वाचको की सूची उपलब्ध रहेगी तथा पढ़ी जायेगी।
विशेष अभियान तिथि में पर्याप्त प्रपत्र 6, 7 व 8 तथा घोषणा पत्र (अनुलग्नक-IV) बी०एल०ओ० के पास उपलब्ध रहेंगें। विशेष अभियान तिथि में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में यदि कहीं कोई कमी रह गई है तो उस कमी को दूर करने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही की जाएगी। सभी मतदेय स्थलों पर बी०एल०ओ० और राजनैतिक दलों के बी०एल०ए० उपस्थित रहेगें।
उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी/जिला कार्यक्रम अधिकारी/जिला विद्यालय निरीक्षक/जिला पंचायत राज अधिकारी रायबरेली को निर्देशित किया है कि पूर्वान्ह 10ः00 बजे तक स्कूल/विद्यालयों/पंचायत भवनों/आंगनबाड़ी केन्द्रों को खोले जाने हेतु संबंधित को निर्देशित करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया है कि मतदाता टोल-फ्री नम्बर 1950 (एसटीडी कोड-0535)/लैंडलाइन नम्बर 0535-2975450 पर कॉल कर अपनी समस्या का समाधान करा सकते है। सुपरवाइजर्स/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं पर्यवेक्षणीय अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहेगें।
उन्होंने जनसामान्य से कहा है कि 22 फरवरी, 2026 (रविवार) को विशेष अभियान तिथि में अपने बूथ पर जाकर मतदाता सूची देख लें, यदि मतदाता सूची में नाम सम्मिलित न हो. कोई त्रुटि हो या सुधार की आवश्यकता हो, तो तद्नुसार प्रपत्र-6 (नए मतदाताओं हेतु), प्रपत्र-7 (मतदाता सूची में सम्मिलित मतदाता के नाम पर आपत्ति हेतु) या प्रपत्र-(प्रविष्टि में संशोधन/स्थानान्तरण/इंपिक रिप्लेसमेंट/दिव्यांग की मार्किंग हेतु) भरकर सम्बन्धित बी०एल०ओ० को आवेदन दे सकते हैं।


















