समाजवादी पार्टी में रंजीत कुमार भारती को मिली बड़ी जिम्मेदारी, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव बने

अखिलेश यादव की स्वीकृति और प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल की सहमति से हुआ मनोनयन, पार्टी कार्यकर्ताओं ने दी बधाई
लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में लखनऊ निवासी रंजीत कुमार (भारती) को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें समाजवादी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ, उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्यकारिणी में प्रदेश सचिव मनोनीत किया गया है।
पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की स्वीकृति तथा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल की सहमति से यह मनोनयन किया गया है।
पार्टी की ओर से जारी मनोनयन पत्र में उम्मीद जताई गई है कि रंजीत कुमार भारती समाजवादी पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ संगठन को और अधिक मजबूत एवं गतिशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
रंजीत कुमार भारती को नई जिम्मेदारी मिलने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि संगठन के प्रति उनकी सक्रियता और समर्पण को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
वहीं, नवनियुक्त प्रदेश सचिव रंजीत कुमार भारती ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह संगठन की नीतियों और समाजवादी विचारधारा को मजबूती से आगे बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
