शकील अहमद
लखनऊ। सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने प्रदेश सरकार द्वारा महापुरुषों की प्रतिमाओं के उन्नयन एवं सम्मान के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे समरसता, सामाजिक न्याय और राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने कहा कि सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में पिछले एक वर्ष से इसी भावना के साथ व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। क्षेत्र के विभिन्न गांवों में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 20 से अधिक प्रतिमाओं का सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन किया गया है, जिससे सामाजिक सम्मान और जागरूकता को नई दिशा मिली है।
साथ ही सरोजनीनगर में महाराजा बिजली पासी किला के पुनरुद्धार का मेगा प्रोजेक्ट तेजी से प्रगति पर है, जो क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करते हुए आने वाली पीढ़ियों को गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का कार्य करेगा।
डॉ. सिंह ने बताया कि सरोजनीनगर आज प्रदेश में महापुरुषों के सम्मान, उनकी विरासत के संरक्षण और नई पीढ़ी को प्रेरित करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में भगवान परशुराम जी की भव्य प्रतिमा, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा, पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह जी की प्रतिमा तथा भव्य गुरु नानक द्वार का निर्माण कराया गया है।
इसके साथ ही जल्द ही महाराणा प्रताप द्वार, रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा, वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा और उदा देवी पासी की प्रतिमा स्थापित की जाएंगी।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि महापुरुष किसी एक वर्ग के नहीं होते, बल्कि पूरे राष्ट्र की प्रेरणा होते हैं और उनका सम्मान करना हमारी सांस्कृतिक व नैतिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह पहल पूरे उत्तर प्रदेश में जनआंदोलन का रूप लेगी और समाज को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ते हुए एकता व प्रेरणा का संदेश देगी।


















