शकील अहमद
लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में वीर सैनिकों के सम्मान में फिल्म बॉर्डर–2 का विशेष प्रदर्शन गुरुवार को फिनिक्स यूनाइटेड मॉल, कानपुर रोड, लखनऊ में आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की पहल पर आयोजित हुआ, जिसमें 500 से अधिक सैन्य परिवारों, सेवारत जवानों और पूर्व सैनिकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत सैन्य परिवारों के सम्मान से हुई। उपस्थित सैनिकों एवं उनके परिजनों को अंगवस्त्र पहनाकर अभिनंदन किया गया। इसके पश्चात सामूहिक रूप से फिल्म का प्रदर्शन किया गया। आयोजन के दौरान नाश्ता और पेयजल की व्यवस्था भी की गई थी।
फिल्म प्रदर्शन के दौरान सिनेमा हॉल में राष्ट्रभक्ति के नारे गूंजते रहे। उपस्थित लोगों ने इसे सैनिकों के योगदान को स्मरण करने और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर बताया।
कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध गीतकार, लेखक एवं कवि मनोज मुंतशिर शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि देशभक्ति और सैनिकों के सम्मान से जुड़े ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने 1997 में प्रदर्शित फिल्म ‘बॉर्डर’ से जुड़ी अपनी स्मृतियाँ साझा करते हुए कहा कि सैनिकों के साहस और बलिदान को सिनेमा के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाना महत्वपूर्ण है।
अपने संबोधन में डॉ. राजेश्वर सिंह ने सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों का स्वागत करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा और स्वतंत्रता में उनका योगदान सर्वोपरि है। उन्होंने नागरिकों से अपने कर्तव्यों और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कर्नल के.एस.एल. श्रीवास्तव, मेजर श्रीकांत मिश्रा, मेजर श्रुति शिववीर सिंह, कैप्टन एस.पी. सिंह, कैप्टन ए.पी. सिंह, कैप्टन रामकुमार चौहान, कैप्टन हृदयनंद दीक्षित, कैप्टन विष्णु देव गुप्ता, कैप्टन कृष्णदेव त्रिपाठी, कैप्टन आर.पी. मिश्रा, कैप्टन विनोद पाल सिंह, कैप्टन विनोद कुमार सिंह, कैप्टन आर.बी. सिंह, कैप्टन आज्ञा तिवारी, लेफ्टिनेंट जनार्दन, लेफ्टिनेंट राकेश सिंह, सूबेदार मेजर लक्ष्मण सिंह, सूबेदार मेजर द्वारिका सिंह, सूबेदार मेजर शिववीर सिंह, सूबेदार मेजर राजेंद्र शुक्ल, सूबेदार मेजर नवाब सिंह, सूबेदार नरेंद्र सिंह, सूबेदार नरेंद्र प्रताप सिंह, सूबेदार मनोज यादव, सूबेदार संतोष पांडेय, सूबेदार बी.एस.सी. सिंह, सूबेदार आर.पी. सिंह, वारंट ऑफिसर राधा रमण पांडेय तथा पूर्व सैनिक दीपक सिंह, आनंद जोशी, विनय कुमार सिंह, विपिन सिंह सहित बड़ी संख्या में सैन्य अधिकारी एवं परिवारजन उपस्थित रहे।
आयोजन को सैन्य परिवारों के सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना को सुदृढ़ करने के प्रयास के रूप में देखा गया।


















