शकील अहमद
लखनऊ। विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा प्रतिवर्ष 7 अप्रैल को मनाए जाने वाले विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर टी.एस. मिश्रा विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ एलाइड एंड हेल्थकेयर साइंसेज परिसर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस वर्ष का आयोजन “Together for Health, Stand with Science” थीम पर केंद्रित रहा।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की कार्यकारी निदेशिका परिनिति मिश्रा, संकाय के डीन डॉ. नित्यानंद उपाध्याय, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यकारी निदेशिका परिनिति मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाना प्रत्येक छात्र और नागरिक का अधिकार है और विश्वविद्यालय इस दिशा में निरंतर प्रयास कर रहा है।
संकाय के डीन डॉ. नित्यानंद उपाध्याय ने थीम पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वास्थ्य की रक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके लिए विज्ञान पर विश्वास करना आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को जागरूक और जिम्मेदार बनने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें निबंध लेखन, पोस्टर प्रेजेंटेशन और फेस पेंटिंग शामिल रहे। इन प्रतियोगिताओं में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
निबंध लेखन प्रतियोगिता में श्रुति ने प्रथम स्थान, आयुषी यादव ने द्वितीय स्थान और हिमांशी पटेल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। फेस पेंटिंग प्रतियोगिता में अर्चिता और प्रीति मिश्रा को प्रथम, श्रुति और साक्षी राजपूत को द्वितीय तथा अंशिका और नैंसी सिंह को तृतीय स्थान मिला।
पोस्टर प्रेजेंटेशन में शैलेंद्र कुमार चौरसिया, साक्षी, अंश और राकेश को प्रथम, खुशी, काजल, सत्यम और अंशिका मिश्रा को द्वितीय तथा आलोक, अंजलि, अंकित कुमार और अनिकेत को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं को कार्यकारी निदेशिका और डीन द्वारा मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को भागीदारी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
समापन अवसर पर डीन डॉ. नित्यानंद उपाध्याय ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं और उन्हें समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।


















