सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज (महराजगंज)। नगर पंचायत बृजमनगंज में शनिवार की सुबह शतचंडी महायज्ञ के शुभारंभ अवसर पर भव्य कलश यात्रा धूमधाम से निकाली गई। इस दौरान नगर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया।
कलश यात्रा की शुरुआत सुबह करीब 10 बजे हरनामपुर स्थित हनुमान मंदिर चौराहा से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। इस अवसर पर महिलाओं और किशोरियों ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में भाग लिया। ढोल-नगाड़ों और शंखनाद के साथ निकली यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई आगे बढ़ी।

यात्रा बृजमनगंज चौराहा से होते हुए नगर पंचायत के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पवह नाला स्थित बनहा घाट पहुंची, जहां विद्वान आचार्यों द्वारा गंगा पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश पूजन कराया गया। इसके बाद कलशों में पवित्र जल भरा गया।
दोपहर बाद यह कलश यात्रा पुनः हनुमान मंदिर चौराहा पहुंची, जहां वैदिक विधि-विधान के साथ कलश पूजन कर शतचंडी महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया गया।
कलश यात्रा के दौरान भगवान भोलेनाथ, माता पार्वती और पवनपुत्र हनुमान की आकर्षक झांकियां लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। पूरे दिन नगर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल, ब्लॉक प्रमुख उदय राज यादव, शीतलाल गुप्ता, गणेश गुप्ता, योगेंद्र यादव, जितेंद्र शर्मा, बबलू चौरसिया, जे.पी. गौड़, झिनक विश्वकर्मा, अशोक पटवा, अमित पासवान, कन्हैया चौहान, विनोद जायसवाल, सिद्धेश्वर चौरसिया, धर्मेंद्र चौरसिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा और धार्मिक झांकियों का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।


















