रायबरेली। ब्लॉक संसाधन केंद्र ऊंचाहार में परिषदीय विद्यालयों के सामान्य शिक्षकों को दिव्यांग बच्चों की शिक्षा को अधिक सुग्राही और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नोडल शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह प्रशिक्षण भारतीय पुनर्वास परिषद के मॉड्यूल तथा नई शिक्षा नीति 2020 (NEP 2020) पर आधारित है। कार्यक्रम का दिशा-निर्देशन खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह ने किया। पांच दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विकासखंड के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के नोडल शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण विशेष शिक्षक अभय प्रकाश श्रीवास्तव एवं प्रवीश भारतीय द्वारा प्रदान किया जा रहा है।
प्रशिक्षण सत्र में जिला प्रशिक्षक (टीओटी) एवं विशेष शिक्षक अभय प्रकाश श्रीवास्तव, जो मानसिक मंदता के विशेषज्ञ हैं, ने भारतीय पुनर्वास परिषद एवं एनईपी 2020 के दिशा-निर्देशों के अनुसार समस्या व्यवहार, व्यवहार परिमार्जन तथा उससे जुड़ी विभिन्न मनोवैज्ञानिक तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की।
इसके अलावा विशेष शिक्षक प्रवीश कुमार एवं विशेष शिक्षक सुरेंद्र कुमार ने डॉक्यूमेंटेशन तथा लर्निंग के सिद्धांतों पर शिक्षकों को जानकारी दी, जिससे कक्षा में दिव्यांग बच्चों के साथ शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
प्रशिक्षण सत्र के समापन पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया गया। इस दौरान प्रतिभा सिंह ने मधुर भजन प्रस्तुत किया, जबकि अभय श्रीवास्तव ने “पढ़ने को मेरा खत…” ग़ज़ल सुनाकर उपस्थित शिक्षकों का मन मोह लिया। वहीं एआरपी दीपमाला ने सुंदर कविता प्रस्तुत कर अतिथि प्रशिक्षकों का स्वागत किया।


















