सलमान खान
बाजपुर (ऊधम सिंह नगर)। बाजपुर में मानवता और सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। वसुधैव कुटुम्बकम संस्था के अनुरोध पर बाजपुर निवासी स्वर्गीय श्रीमती सरोज बंसल के निधन के बाद उनके परिजनों ने नेत्रदान कर दो नेत्रहीन लोगों को नई रोशनी देने का कार्य किया।
दिवंगत सरोज बंसल के सुपुत्र रोहित बंसल, पुनीत बंसल और तरुण बंसल ने नेत्रदान के लिए सहमति दी। इसके बाद आई हॉस्पिटल की टीम ने पहुंचकर सफलतापूर्वक नेत्रदान की प्रक्रिया पूर्ण की।
इस नेत्रदान के माध्यम से दो दृष्टिहीन व्यक्तियों को दृष्टि प्राप्त होगी, जिससे उनके जीवन में नया उजाला आएगा। संस्था के सचिव प्रियांशु बंसल ने बताया कि देश में लाखों लोग कॉर्निया की कमी के कारण दृष्टिहीन हैं, जिसे नेत्रदान के जरिए दूर किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से इस पुनीत कार्य में आगे आने की अपील की।
नेत्रदान प्रकल्प संयोजक सचिन अग्रवाल ने भी लोगों से मरणोपरांत नेत्रदान के लिए प्रेरित करते हुए सहायता हेतु संपर्क करने की अपील की।
इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों ने अग्रवाल परिवार का आभार व्यक्त किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। नेत्रदान अभियान में समाजसेवी महेश अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा।


















