UPPSC में अवधेश कुमार चौधरी का चयन, बने असिस्टेंट प्रोफेसर कार्डियोलॉजी, गांव में खुशी की लहर

सौरभ जायसवाल
महराजगंज/बृजमनगंज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की ओर से राजकीय मेडिकल कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर कार्डियोलॉजी के आठ पदों का परिणाम घोषित किया गया है। इसमें महराजगंज जिले की बरगहपुर ग्राम सभा के चेतरा टोले निवासी अवधेश कुमार चौधरी ने सफलता हासिल की है। उनके चयन की खबर मिलते ही परिवार सहित पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।
अवधेश कुमार चौधरी एक साधारण किसान परिवार से आते हैं। उनके पिता खेती-किसानी करते हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अवधेश ने कड़ी मेहनत, संघर्ष और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। छोटे से गांव से निकलकर असिस्टेंट प्रोफेसर कार्डियोलॉजी जैसे महत्वपूर्ण पद तक पहुंचना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात मानी जा रही है।
आयोग की ओर से जारी चयन सूची के अनुसार, 5 नवंबर को आयोजित साक्षात्कार के बाद 13 नवंबर को आठ चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई। इस सूची में अवधेश कुमार चौधरी ने छठा स्थान प्राप्त किया है।
अवधेश के चयन की जानकारी मिलते ही उनके परिवार, ग्राम सभा और आसपास के लोगों में उत्साह का माहौल बन गया। शुभचिंतकों, रिश्तेदारों और ग्रामवासियों ने उनके घर पहुंचकर तथा फोन के माध्यम से बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
परिवार के सदस्यों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, “यह सिर्फ अवधेश की नहीं, बल्कि पूरे गांव और गरीब किसान परिवार की मेहनत की जीत है।” उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं को भी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
