सलमान खान
बाजपुर, उधम सिंह नगर। डायल 112 पर फायरिंग की झूठी सूचना देने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक का चालान किया है। यह घटना 3 फरवरी की बताई जा रही है, जिसकी जांच के बाद अब कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार 3 फरवरी को डायल 112 पर एक कॉलर ने फायरिंग होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन जांच के दौरान कहीं भी फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई। मौके पर कॉलर का मोबाइल भी स्विच ऑफ मिला, जिससे मामला संदिग्ध हो गया।
जांच के दौरान पुलिस ने कॉलर की पहचान युग बंसल पुत्र राजीव बंसल निवासी संजय नगर, बाजपुर के रूप में की। इसके बाद युवक को बाजपुर कोतवाली बुलाकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में युवक द्वारा झूठी सूचना देने की पुष्टि होने पर पुलिस ने उसके खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की। साथ ही उसे भविष्य में इस तरह की हरकत न करने की कड़ी चेतावनी भी दी गई।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि डायल 112 जैसी आपातकालीन सेवाओं का दुरुपयोग न करें। ऐसा करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


















