खीरों, रायबरेली। थाना क्षेत्र के बेहटा सातनपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई, जिसमें चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से एक अधेड़ की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार विवाद के दौरान एक पक्ष से गंगाधर पुत्र गरीबे और उसकी पुत्री पूजा घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष से उर्मिला और प्रतिमा पुत्री रामकिशन को चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सभी घायलों का सीएचसी में प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों ने गंगाधर की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी है, लेकिन अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

















