लखनऊ के सरोजनी नगर में पैसों के विवाद में मारपीट, पिस्टल दिखाकर दी जान से मारने की धमकी

लखनऊ के सरोजनी नगर में पैसों के विवाद में मारपीट, पिस्टल दिखाकर दी जान से मारने की धमकी

शकील अहमद

लखनऊ। सरोजनी नगर थाना क्षेत्र स्थित किसान पथ के पास सोमवार दोपहर पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि विरोधी पक्ष ने लाइसेंसी पिस्टल दिखाकर डराने-धमकाने का प्रयास किया।

जानकारी के अनुसार आशियाना थाना क्षेत्र की एलडीए कॉलोनी निवासी संदीप सिंह सोमवार करीब एक बजे अमौसी स्थित किसान पथ के पास शूटिंग रेंज के पीछे प्लॉट के पैसों को लेकर प्रकाश सिंह से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान प्रकाश सिंह और आकाश सिंह निवासी रामपुर पुरा छाता, जनपद बलिया ने कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी।

पीड़ित का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इस दौरान आकाश सिंह ने कथित तौर पर पिस्टल दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में घायल संदीप सिंह किसी तरह मौके से जान बचाकर भागे और पुलिस को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही सरोजनी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।

इस संबंध में सहायक पुलिस उपायुक्त रजनीश वर्मा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *