- विवाद के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मी की वर्दी फटी, डंपर चालक समेत तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज
शकील अहमद
लखनऊ। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के शहीद पथ पर देर रात वाहन रुकवाने को लेकर ट्रैफिक पुलिसकर्मी और एक डंपर चालक के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। घटना के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मी की वर्दी भी फट गई, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने जांच के लिए वाहन को रुकवाया तो चालक से कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बात हाथापाई तक पहुंच गई। घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। काफी देर बाद स्थानीय लोगों और अन्य पुलिसकर्मियों के हस्तक्षेप से दोनों पक्षों को अलग कराया गया।
ट्रैफिक सिपाही ने आरोप लगाया कि डंपर चालक अमित तथा उसके दो साथियों ने उनके साथ मारपीट की, वर्दी फाड़ दी और उन्हें जमीन पर गिराकर हमला किया।
इस संबंध में सरोजनीनगर थाने में डंपर चालक अमित एवं उसके दो साथियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।













