- सरोजनीनगर के बंथरा में हुआ शुभारंभ, स्थानीय लोगों को संगठन में सम्मानित पद देकर किया गया मनोनीत
शकील अहमद
बंथरा, सरोजनीनगर। राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के बंथरा बाजार, कानपुर हाईवे स्थित होंडा शोरूम के पास मंगलवार को प्रदेश महासचिव पिंटू तिवारी के कार्यालय पर भारतीय किसान क्रांति यूनियन के प्रदेश कार्यालय का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि मिश्रा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने एक-दूसरे को अंगवस्त्र पहनाकर शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान कई स्थानीय गणमान्य लोगों को संगठन में विभिन्न पदों पर मनोनीत किया गया। इसी क्रम में अक्षत सिंह नारायणपुर को युवा मोर्चा का प्रदेश मंत्री बनाया गया, जबकि अन्य कई लोगों को भी क्षेत्रीय पदाधिकारी बनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि मिश्रा ने कहा कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए संगठन को और मजबूत बनाएं, ताकि पीड़ित किसानों के हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा की जा सके। उन्होंने कहा कि यदि किसान बड़ी संख्या में संगठित रहेंगे, तभी किसानों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जा सकेगा तथा उनके हित में जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू कराने में सफलता मिलेगी।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान रामू मिश्रा, सोनू अवस्थी, आशु तिवारी, उमेश गुप्ता, कुलदीप गुप्ता, मयंक मौर्य, उमेश तिवारी, आशीष कुमार गोस्वामी, शेर गुप्ता (सभासद), अक्षत सिंह नारायणपुर, विमल कुमार, निर्मल कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।













