- डाक कांवड़ लेकर पहुंचे शिवभक्त, ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा पूरा क्षेत्र
शुभम शर्मा
उन्नाव। सावन माह के पावन अवसर पर उन्नाव के बक्सर घाट पर शिवभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। घाट पर सुबह से ही कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। आसपास के गांवों से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु गंगाजल लेने पहुंचे। पूरा घाट “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा तथा वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया। प्रशासन की ओर से भी कांवड़ यात्रा को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

इसी क्रम में पड़ोसी जनपद रायबरेली के खीरों ब्लॉक स्थित ग्राम बेहटा सतनपुर के शिवभक्तों की टीम ने उन्नाव के बक्सर घाट से पवित्र गंगाजल भरकर डाक कांवड़ यात्रा प्रारंभ की। शिवभक्त बिना रुके अपनी यात्रा पूरी करते हुए लखनऊ, रायबरेली और उन्नाव तीनों जिलों की सीमा पर स्थित प्राचीन एवं प्रसिद्ध भंवरेश्वर बाबा मंदिर पहुंचे, जहां पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। रास्ते भर शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाए और क्षेत्रवासियों ने भी कांवड़ियों का स्वागत कर उनके लिए जलपान की व्यवस्था की। श्रद्धालुओं का कहना है कि बाबा भंवरेश्वर के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई हर मनोकामना पूर्ण होती है, इसलिए हर वर्ष बड़ी संख्या में शिवभक्त यहां जलाभिषेक करने पहुंचते हैं।
सावन की इस पावन कांवड़ यात्रा ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था, भाईचारे और शिवभक्ति का अनूठा संदेश दिया। बेहटा सतनपुर की टीम की इस डाक कांवड़ यात्रा की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की और भगवान शिव से सभी के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।













