- जल जीवन मिशन के तहत संचालित योजना का लिया जायजा, ग्रामीणों से की बातचीत, नियमित और शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर दिया जोर
रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने आज विकास खण्ड सरेनी में जल जीवन मिशन के अंतर्गत धनपालपुर पेयजल योजना का स्थलीय निरीक्षण कर योजना के संचालन, पेयजल गुणवत्ता एवं जलापूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को नियमित, निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराया जाना हर स्थिति में सुनिश्चित किया जाए।

धनपालपुर पेयजल योजना वर्ष 2021-22 में ₹232.66 लाख की लागत से स्वीकृत की गई है, जिसके माध्यम से ग्राम पंचायत धनपालपुर की लगभग 2,725 आबादी को पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना के अंतर्गत एक नलकूप, 175 केएल क्षमता का 16 मीटर ऊंचा ओवरहेड टैंक, 12,080 मीटर वितरण पाइपलाइन, 513 गृह नल संयोजन, एक पम्प हाउस, 25 किलोवाट सोलर प्लांट, 17.5 एचपी पम्पिंग प्लांट तथा बाउंड्रीवाल का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पम्प हाउस, ऑटोमेशन सिस्टम, ओवरहेड टैंक (ओएचटी) एवं क्लोरीनेशन सिस्टम का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने जल निगम के अधिशासी अभियन्ता के साथ ऑटोमेशन प्रणाली, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था तथा जल गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए स्थापित क्लोरीनेशन सिस्टम की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। साथ ही सोलर प्रणाली एवं डीजी (जनरेटर) व्यवस्था का भी निरीक्षण कर उनके सुचारु संचालन की जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने योजना पर कार्यरत ऑपरेटर से जलापूर्ति के समय एवं मानदेय के संबंध में जानकारी ली। ऑपरेटर ने बताया कि योजना से नियमित जलापूर्ति की जा रही है तथा मानदेय का भुगतान समय से प्राप्त हो रहा है। ग्राम प्रधान नीतू सिंह ने अवगत कराया कि कार्यदायी संस्था एनसीसी (NCC) द्वारा योजना के सभी निर्माण कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं तथा ग्राम के प्रत्येक मजरे एवं घर तक सफलतापूर्वक पेयजल पहुंचाया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हिम्मतपुर मजरा में लाभार्थी शिव चरण पुत्र गंगाधर एवं माया देवी पत्नी शिवमोहन के घरों का निरीक्षण कर नल कनेक्शनों की जांच की। दोनों स्थानों पर पर्याप्त दबाव के साथ जलापूर्ति होती पाई गई। ग्रामीणों एवं उपभोक्ताओं से बातचीत में बताया गया कि प्रतिदिन दो समय प्रातः 9:00 बजे से 11:00 बजे तक तथा अपराह्न 3:30 बजे से सायं 5:30 बजे तक नियमित जलापूर्ति की जा रही है।
ग्रामीणों ने उपलब्ध कराए जा रहे जल को पेय योग्य बताते हुए जल की गुणवत्ता एवं नियमित आपूर्ति पर संतोष व्यक्त किया।
जिलाधिकारी ने योजना के संचालन एवं अनुरक्षण की सराहना करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेयजल आपूर्ति की गुणवत्ता एवं नियमितता निरंतर बनाए रखी जाए तथा सभी उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी लालगंज राजेश श्रीवास्तव, जल निगम के अधिशासी अभियन्ता रणविजय सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।











