किसान पथ पर कंटेनर-ट्रक की भीषण टक्कर, फायर टीम ने रेस्क्यू कर दो घायलों की बचाई जान

[post-views]
  • कंटेनर के क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे थे चालक और परिचालक, कई रेस्क्यू यूनिटों ने संयुक्त अभियान चलाकर निकाला सुरक्षित

शकील अहमद

सरोजनी नगर (लखनऊ)। किसान पथ (आउटर रिंग रोड) पर बुधवार सुबह कंटेनर और ट्रक की भीषण टक्कर में दो लोग कंटेनर के केबिन में बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही सरोजनी नगर फायर स्टेशन की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी सुमित प्रताप सिंह फायर टेंडर और रेस्क्यू यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए आलमबाग फायर स्टेशन की रेस्क्यू यूनिट तथा हजरतगंज की एमडीआरवी यूनिट को भी बुलाया गया।

टीम ने पाया कि कंटेनर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था और चालक व परिचालक उसमें फंसे थे। रेस्क्यू उपकरणों की मदद से केबिन को काटकर पहले परिचालक और फिर एसडीआरएफ के सहयोग से चालक शैलेन्द्र (निवासी जालौन) को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। हादसे में कंटेनर संख्या UP 92 AT 3170 क्षतिग्रस्त हो गया। फायर विभाग की त्वरित कार्रवाई और संयुक्त रेस्क्यू अभियान के चलते दोनों घायलों की जान बचाई जा सकी।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts