रायबरेली पुलिस को मिली बड़ी सफलता, मुठभेड़ में अंतरजनपदीय चोर गिरोह के पांच बदमाश गिरफ्तार

[post-views]
  • दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, 12.80 किलो चांदी के आभूषण, अवैध असलहे और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद

रायबरेली। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रायबरेली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना मिलएरिया पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में अंतरजनपदीय चोर गिरोह के पांच शातिर बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि तीन अन्य को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12.80 किलोग्राम चांदी के आभूषण, दो अवैध तमंचे, कारतूस तथा चोरी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 6 और 7 अगस्त की रात थाना मिलएरिया पुलिस को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के लोनियन का पुरवा स्थित शारदा नहर पुल के पास कुछ बदमाश चोरी के माल का बंटवारा कर रहे हैं और नई वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना मिलएरिया पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की।

पुलिस के अनुसार, घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में दो बदमाश घायल हो गए, जबकि तीन अन्य को मौके से भागने के दौरान पकड़ लिया गया। घायल बदमाशों को उपचार के लिए सीएचसी अमांवा भेजा गया। पुलिस मुठभेड़ में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ।

दो जिलों की ज्वेलरी चोरी का खुलासा

पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से थाना मिलएरिया क्षेत्र के तकिया चौराहा स्थित ज्वेलर्स की दुकानों में 3/4 अगस्त की रात हुई चोरी तथा अमेठी जनपद के मोहनगंज थाना क्षेत्र में हुई ज्वेलरी चोरी से संबंधित सामान बरामद हुआ है। बरामद आभूषणों में 4.460 किलोग्राम चांदी के आभूषण अमेठी की घटना से संबंधित बताए गए हैं, जबकि शेष आभूषण मिलएरिया क्षेत्र की चोरी से जुड़े हैं।

ये हुए गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में शिवकुमार और बबलू (दोनों निवासी पेन्दरई, थाना महोली, जनपद सीतापुर) शामिल हैं, जिन्हें मुठभेड़ में पैर में गोली लगी। इनके अलावा राकेश उर्फ छोटे, लवकुश और सागर वर्मा को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सागर वर्मा पेशे से सुनार बताया जा रहा है।

बरामदगी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12.80 किलोग्राम चांदी के आभूषण, दो अवैध तमंचे (.315 बोर), दो खोखा कारतूस, एक मिस कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार (UP32NV1225) बरामद की है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts