सरोजनीनगर, लखनऊ। सरोजनीनगर क्षेत्र के हाइडल चौराहा और गौरी बाजार इलाके में लंबे समय से चली आ रही जलभराव एवं बुनियादी समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मंडल की पहल पर एक बार फिर प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।
पीएनसी और नगर निगम जोन-8 के अधिकारियों ने एक सप्ताह के भीतर समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया है। उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मंडल द्वारा 15 जनवरी 2026 को क्षेत्र की समस्याओं को लेकर National Highways Authority of India (NHAI) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर नकुल वर्मा एवं नगर निगम जोन-8 के जोनल अधिकारी विकास सिंह के साथ संयुक्त बैठक की गई थी।
बैठक में व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने बीते लगभग दो वर्षों से हो रहे जलभराव, आवागमन में बाधा और जनस्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया था। उस बैठक के दौरान दोनों अधिकारियों ने संबंधित अधीनस्थ अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में शुक्रवार को नगर निगम जोन-8 के सहायक अभियंता ए.के. सिंह, सुपरवाइजर वेद प्रकाश अवस्थी तथा पीएनसी कंपनी के प्रतिनिधि अंकुर जैन और सहायक अनिरुद्ध राय ने उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय मैकू लाल रावत के नाम पर बनी सड़क पर गंभीर जलभराव की समस्या पाई गई।
अधिकारियों ने बताया कि उक्त सड़क पर सैकड़ों परिवार निवास करते हैं और इसी स्थान पर हर वर्ष होलिका दहन का आयोजन भी किया जाता है। जलभराव के कारण स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और धार्मिक आयोजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निरीक्षण के बाद पीएनसी और नगर निगम के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि होली पर्व से पूर्व जलनिकासी की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा और एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्यवाही पूरी की जाएगी।
समस्या समाधान के आश्वासन के बाद उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मंडल एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। मौके पर विधानसभा प्रभारी जितेंद्र कुमार हजेला, विधानसभा समीक्षा प्रभारी मुकेश यादव, संगठन के उपाध्यक्ष राजेश प्रताप दुबे, अवधेश साहू, बुद्धा लाल रावत सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि तय समयसीमा में समस्या के समाधान से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और लंबे समय से चली आ रही जलभराव की परेशानी से राहत मिलेगी।


















