आर स्टीफ़न (स्टेट हेड)
चिरमिरी (एमसीबी, छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले के चिरमिरी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर अधिवक्ता संघ में आक्रोश देखने को मिला। जानकारी के अनुसार, फेसबुक पर वकीलों के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक और अभद्र शब्दों का प्रयोग करते हुए एक पोस्ट साझा की गई थी।
इस पोस्ट की जानकारी मिलते ही चिरमिरी अधिवक्ता संघ के सदस्यों ने नाराजगी जताई और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। अधिवक्ता संघ का कहना है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य हो सकते हैं।
अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने मीडिया से बातचीत में बताया कि इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला न्यायालय एमसीबी, कोरिया जिला न्यायालय तथा सरगुजा संभाग के अन्य अधिवक्ताओं की ओर से भी फोन कॉल और समर्थन मिल रहा है। कई अधिवक्ताओं ने इस घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की गई है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।


















