सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महाराजगंज। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रशासन ने स्वच्छता को लेकर विशेष पहल करते हुए लेहड़ा दुर्गा माता मंदिर परिसर में सफाई अभियान चलाया।
रविवार दोपहर करीब 3 बजे जिलाधिकारी संतोष शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी स्वयं मंदिर पहुंचे और झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।
अधिकारियों की इस पहल से मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को स्वच्छता का संदेश मिला। इस दौरान डीएम और सीडीओ ने मंदिर प्रशासन और पुजारियों से मुलाकात कर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का भी जायजा लिया।

जिलाधिकारी संतोष शर्मा ने मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि वे परिसर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें और कूड़ा इधर-उधर न फेंकें। उन्होंने कहा कि मेले में लगाए गए कूड़ेदानों का ही उपयोग करें, ताकि सफाई व्यवस्था सुचारू बनी रहे और सफाईकर्मियों को कूड़ा उठाने में सुविधा हो।
उन्होंने यह भी कहा कि नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं, ऐसे में स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन द्वारा भी सफाई और व्यवस्था को लेकर पर्याप्त इंतजाम किए जा रहे हैं।
मौके पर मौजूद मंदिर के पुजारी हरिश्चंद्र पांडेय ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे श्रद्धालुओं में सकारात्मक संदेश जाएगा और मंदिर परिसर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग मिलेगा।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक निरंजन राय, आलोक राय, आलोक यादव, गजेंद्र प्रताप सिंह, अर्चना यादव, प्रिया वर्मा सहित कई अधिकारी व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
नवरात्रि के दौरान मंदिर में बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


















