सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महाराजगंज। पत्नी को भरण-पोषण न देने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
जानकारी के अनुसार क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व और थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह की टीम द्वारा पारिवारिक न्यायालय महाराजगंज के वसूली वारंट के अनुपालन में कार्रवाई की गई।
पारिवारिक न्यायालय में चल रहे शकुन्तला बनाम जगदीश मामले में न्यायालय ने आरोपी की गिरफ्तारी के आदेश जारी किए थे।
पुलिस ने अभियुक्त जगदीश पुत्र बाबूलाल (उम्र लगभग 44 वर्ष), निवासी हाता बेला हरैया टोला शेषपुर थाना बृजमनगंज को सोमवार करीब 11:55 बजे उसके गांव से गिरफ्तार किया। बताया गया कि आरोपी द्वारा न्यायालय के आदेश के बावजूद पत्नी को भरण-पोषण की राशि नहीं दी जा रही थी।
थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पारिवारिक न्यायालय महाराजगंज के समक्ष पेश करने के लिए रवाना कर दिया गया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक गजेंद्र प्रताप सिंह, अरविंद खरवार, बृजेश पाल, उमेश दुबे सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


















