सलमान खान
बाजपुर (ऊधम सिंह नगर)। राजकीय महाविद्यालय बाजपुर में चल रहे बहुचर्चित शिक्षा प्रोजेक्ट का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की गई।
इस परियोजना के तहत पीजी साइंस ब्लॉक, कॉमर्स ब्लॉक, परीक्षा हॉल और आईटी लैब का निर्माण किया जा रहा है, जिसकी कुल लागत करीब 26 करोड़ रुपये है।
भाजपा नेता राजेश कुमार ने एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं।
जानकारी के अनुसार पीजी साइंस और कॉमर्स ब्लॉक का निर्माण लगभग 19 करोड़ 6 लाख रुपये, परीक्षा हॉल का निर्माण 5 करोड़ 73 लाख रुपये तथा आईटी लैब के लिए 1 करोड़ 9 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। यह पूरा प्रोजेक्ट राज्य सरकार की शोध एवं विकास कार्य योजना के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान भाजपा नेता राजेश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सांसद अजय भट्ट और उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि छोटे शहरों में भी आधुनिक सुविधाओं से युक्त शैक्षणिक संस्थान विकसित किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर माहौल मिल सके।
उन्होंने कहा कि यह 26 करोड़ की परियोजना केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की गुणवत्ता में कमी या देरी को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा, महाविद्यालय के प्रधानाचार्य विभेश सिंह, छात्रसंघ अध्यक्ष महेंद्र सिंह बोरा, एई मनोज जोशी, जेई गौरव मेहरा, जेई हिमांशु, प्रोफेसर आदर्श, अनिल सिंह सैनी सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।













