- समय पर आईडी न देने पर तृतीय तिमाही का भुगतान हो सकता है बाधित
रायबरेली। महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित पति की मृत्यु उपरांत निराश्रित महिला पेंशन (विधवा पेंशन) प्राप्त कर रही लाभार्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। जिला प्रोबेशन अधिकारी जयपाल वर्मा ने जनपद रायबरेली की समस्त विधवा पेंशन लाभार्थियों से अपील की है कि वे अपनी फैमिली आईडी संख्या 30 दिसंबर 2025 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध करा दें।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि जिन लाभार्थियों के पास राशन कार्ड उपलब्ध है, वे अपनी राशन कार्ड संख्या प्रस्तुत करें। वहीं जिन लाभार्थियों का किसी कारणवश राशन कार्ड नहीं बन पाया है, वे जन सुविधा केंद्र (CSC) के माध्यम से फैमिली आईडी बनवाकर उसकी संख्या निर्धारित तिथि तक जमा कराएं।
कहां जमा करनी है जानकारी
लाभार्थियों को अपनी राशन कार्ड संख्या अथवा फैमिली आईडी संख्या जिला प्रोबेशन कार्यालय, विकास भवन, रायबरेली में 30 दिसंबर 2025 तक उपलब्ध करानी होगी।
भुगतान रुकने की चेतावनी
जयपाल वर्मा ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय-सीमा तक आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई, तो वित्तीय वर्ष 2025–26 की तृतीय तिमाही का पेंशन भुगतान संभव नहीं हो पाएगा। ऐसे में लाभार्थियों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
प्रशासन ने सभी पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए शीघ्र आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करें, ताकि पेंशन भुगतान निर्बाध रूप से जारी रह सके।


















