रायबरेली। जनपद रायबरेली में स्थित वक्फ संपत्तियों के पंजीकरण को लेकर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी एवं सहायक सर्वे आयुक्त वक्फ महिमा ने सभी मुतवल्लियों, प्रबंधक समितियों और प्रशासकों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वक्फ संपत्तियों का विवरण उम्मीद सेंट्रल पोर्टल, 2025 पर प्रत्येक दशा में 15 फरवरी 2026 तक फीड कराना अनिवार्य है।
महिमा ने बताया कि वक्फ सर्वे कमिश्नर कार्यालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा उत्तर प्रदेश वक्फ न्यायाधिकरण के आदेश के अनुपालन में वक्फ संपत्तियों के पंजीकरण की समय-सीमा में पुनः छह माह की वृद्धि की गई है। इसके अंतर्गत पोर्टल पर पंजीकरण और अनुमोदन की प्रक्रिया के लिए विस्तृत समय-सारणी जारी की गई है।
जारी समय-सारणी के अनुसार,
- मुतवल्ली (मेकर) द्वारा विवरण फीड करने की अंतिम तिथि: 15 फरवरी 2026
- वक्फ बोर्ड द्वारा विवरण जांचने की अंतिम तिथि: 15 अप्रैल 2026
- वक्फ बोर्ड स्तर से अंतिम अनुमोदन की तिथि: 05 जून 2026
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में पंजीकरण के लिए बहुत कम समय शेष है। जिन मुतवल्लियों द्वारा अभी तक अपनी वक्फ संपत्तियों का विवरण उम्मीद पोर्टल पर फीड नहीं कराया गया है, वे नियत तिथि से पूर्व यह प्रक्रिया अवश्य पूर्ण कर लें।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा के बाद यदि कोई विवरण अपलोड नहीं किया जाता है, तो उसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित मुतवल्ली, प्रबंधक समिति या प्रशासक की होगी। वक्फ संपत्तियों के विधिसम्मत अभिलेखीकरण और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह प्रक्रिया अनिवार्य की गई है।


















