रायबरेली। सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष ओपी यादव ने कहा है कि एल.पी.जी. गैस की किल्लत के लिए देश के प्रधानमंत्री की नीतियां जिम्मेदार हैं। श्री यादव ने भारत के राष्ट्रपति को फैक्स भेजकर मांग किया है कि वर्तमान समय में एल.पी.जी. गैस की समय पर उपलब्धता न होना आम जनता के लिए एक गंभीर समस्या बन गई है।
घरेलू उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर प्राप्त करने में अत्यधिक विलंब और अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति न केवल आम नागरिकों के दैनिक जीवन को प्रभावित कर रही है, बल्कि सरकार की व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा कर रही है।
घरेलू रसोई गैस, जो कि आज हर परिवार की मूलभूत आवश्यकता बन चुकी है, उसकी आपूर्ति में निरंतर बाधा उत्पन्न होना अत्यंत चिंताजनक है। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को कई-कई दिनों तक गैस सिलेंडर के लिए प्रतीक्षा करनी पड़ रही है।
कई स्थानों पर गैस एजेंसियों द्वारा पारदर्शिता के अभाव, वितरण में अनियमितता तथा कालाबाजारी जैसी शिकायतें भी सामने आ रही हैं और अपने ठण्डे चूल्हों को गैस के अभाव में गर्म करने के लिए ऐसी परिस्थिति में आम नागरिकों को मजबूर होकर वैकल्पिक और असुविधाजनक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य, समय और आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
यह स्थिति दर्शाती है कि संबंधित विभाग और सरकार इस गंभीर समस्या के समाधान हेतु अपेक्षित तत्परता नहीं दिखा रहे हैं। यही नहीं इस कार्मशियल गैस के अभाव के कारण देश का होटल उद्योग भी लगभग पचास प्रतिशत से ऊपर बन्द हो चुका है, यदि यही स्थिति रही तो दो-चार दिनों में पूरा होटल उद्योग बन्द हो जाएगा, जिससे आम जनमानस को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।


















