शकील अहमद
लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के बंगला बाज़ार में ‘नेट ज़ीरो सरोजनीनगर’ अभियान का भव्य शुभारंभ जनसैलाब की मौजूदगी में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अभिनेता संजय दत्त उपस्थित रहे, जबकि आयोजन का नेतृत्व विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने किया। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम और रोड शो में 20,000 से अधिक नागरिकों, युवाओं, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
रविवार को लखनऊ पहुंचे संजय दत्त ने सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के आमंत्रण पर इस अभियान में शिरकत की। कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए उन्होंने लगभग एक किलोमीटर लंबा रोड शो किया, जिसमें हजारों लोग उनके साथ मौजूद रहे।
बंगला बाज़ार और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था के बीच रोड शो शांतिपूर्वक संपन्न हुआ, जिसके बाद मंचीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
अपने संबोधन में विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि उनके लिए पर्यावरण संरक्षण और युवा सशक्तिकरण अत्यंत भावनात्मक विषय हैं। उन्होंने कहा कि सरोजनीनगर उनका परिवार है और इसे मॉडल विधानसभा के रूप में विकसित करना उनका संकल्प है।
उन्होंने उपस्थित नागरिकों और युवाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही कोई भी अभियान सफल हो सकता है और ‘नेट ज़ीरो सरोजनीनगर’ को जनआंदोलन बनाने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।
संजय दत्त ने युवाओं को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण, जल बचत और मतदान की अनिवार्यता पर जोर दिया। उन्होंने अपने विशिष्ट अंदाज में पौधा लगाने, पानी बचाने और मतदाता बनकर मतदान करने की अपील की।
साथ ही उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया और कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए व्यक्तिगत जिम्मेदारी जरूरी है। उन्होंने विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह को समाज में परिवर्तन लाने वाला वास्तविक नायक बताया।
कार्यक्रम के दौरान ‘नेट ज़ीरो सरोजनीनगर’ अभियान को औपचारिक रूप से लॉन्च किया गया। इस अभियान को छह प्रमुख आयामों नेट ज़ीरो स्कूल्स एंड कॉलेजेस, नेट ज़ीरो सोसाइटीज़ एंड आरडब्ल्यूएज़, नेट ज़ीरो टाउनशिप्स, नेट ज़ीरो इंडस्ट्री, नेट ज़ीरो विलेजेस एंड सरोवर्स तथा नेट ज़ीरो न्यू पॉलिसी सजेशन एंड इम्प्लीमेंटेशन के माध्यम से लागू किए जाने की घोषणा की गई।
इसका उद्देश्य सरोजनीनगर क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण को व्यवहारिक स्तर पर लागू करना और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के प्रयासों को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को ‘एनवायरनमेंट वॉरियर्स’ सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मानित होने वालों में सुनील चौधरी (प्रिंसिपल चीफ कंज़र्वेटर ऑफ फॉरेस्ट्स), डॉ उत्कर्ष शुक्ला (डिप्टी डायरेक्टर, लखनऊ जू) तथा डॉ पूजा सिंह (प्रेसिडेंट, आरडब्ल्यूए भगीरथी एन्क्लेव) शामिल रहे। मंच पर इन सभी को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
19 फरवरी को आयोजित एनवायरनमेंटल अवेयरनेस क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को भी इस कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। प्रथम पुरस्कार ₹1,00,000 बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी की छात्रा दीपिका मिश्रा और छात्र सौरभ वर्मा को प्रदान किया गया।
द्वितीय पुरस्कार ₹50,000 मॉडर्न कॉलेज ऑफ एजुकेशन के वर्चस्व तिवारी, दिव्या पांडेय और दीपक विश्वकर्मा को दिया गया। तृतीय पुरस्कार ₹25,000 स्वामी विवेकानंद महिला महाविद्यालय की आशा तिवारी, माही यादव और ताशु यादव को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में लोकतांत्रिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘डेमोक्रेसी चैंपियंस’ की घोषणा की गई। रामा शंकर त्रिपाठी, मणिक सिंह, बीबी तिवारी, कृपा शंकर शुक्ला, निखिल शर्मा, राजेश त्रिपाठी, के.एन. सिंह, शिविता गोयल, आनंद जोशी, अरुण मिश्रा, प्रदीप मिश्रा, नेहा सिंह, नीता मल्होत्रा, नाहर सिंह चौहान, अनुराग गुप्ता, कौस्तुभ रस्तोगी, रईस अहमद, देव भाटिया तथा शिवम पांडेय को सम्मानित किया गया।
इन सभी को मतदाता जागरूकता और सामाजिक सहभागिता के क्षेत्र में योगदान के लिए मंच पर आमंत्रित कर सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की 17 वर्षीय पुत्री राजलक्ष्मी सिंह रहीं।
उन्होंने संजय दत्त को मोमेंटो भेंट कर स्वागत किया और पर्यावरण विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में वास्तविक बदलाव तभी संभव है जब हम स्वयं में बदलाव लाएं। उन्होंने युवाओं से ऊर्जा संरक्षण, प्लास्टिक के सीमित उपयोग और जल बचत जैसे व्यवहारिक कदम अपनाने की अपील की।
समापन संबोधन में विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि यह अभियान केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि दीर्घकालिक जनभागीदारी की पहल है। उन्होंने कहा कि सरोजनीनगर को पर्यावरणीय दृष्टि से सशक्त और जागरूक क्षेत्र बनाने के लिए नियमित गतिविधियां, संस्थागत सहयोग और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक होगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में ‘नेट ज़ीरो सरोजनीनगर’ अभियान क्षेत्र में सतत विकास की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा। बंगला बाज़ार में आयोजित इस कार्यक्रम ने सरोजनीनगर में पर्यावरण संरक्षण, युवा सहभागिता और लोकतांत्रिक चेतना के नए अध्याय की शुरुआत का संदेश दिया।
बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति और विभिन्न आयामों में घोषित योजनाओं ने यह संकेत दिया कि यह पहल आगे भी निरंतर जारी रखी जाएगी और जनआंदोलन का स्वरूप ले सकती है।


















