सलमान खान
गदरपुर (ऊधम सिंह नगर)। क्षेत्र में गैस की किल्लत को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। सपा मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद यादव के नेतृत्व में सड़कों पर उतरे कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन के दौरान अरविंद यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि चुनाव के समय मुफ्त सिलेंडर देने के वादे किए गए थे, लेकिन आज हालात यह हैं कि लोग पैसे देने के बाद भी गैस के लिए लंबी कतारों में खड़े होने को मजबूर हैं। उन्होंने इसे जनता के साथ धोखा करार दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों और कुप्रबंधन के कारण गैस संकट गहराता जा रहा है। इसके चलते छोटे होटल-ढाबों के चूल्हे ठंडे पड़ रहे हैं और कई छोटे उद्योग प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि धार्मिक स्थलों तक पर इसका असर देखने को मिल रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। अरविंद यादव ने कहा कि जरूरत पड़ने पर समाजवादी पार्टी चक्का जाम जैसे कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेगी।
इस दौरान शिव अवतार शर्मा, अमित कुमार, राम सिंह सागर, अरविंद दिवाकर, इमरान अंसारी, विनोद गौड़, शीशपाल यादव, दीपक सागर, राहुल कुमार, मौ. सलीम, मौ. सनावर, मौ. आज़म, रहीस लाला, अमन प्रजापति, ज़मील अनवर, चम्पा देवी, मुन्नी देवी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


















