सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज (महाराजगंज)। रमजान और होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को बृजमनगंज थाना क्षेत्र के विभिन्न ग्राम सभाओं में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। ग्राम सभा सोराहा, गुजरौलिया, नौसगर, लेहरा, बेलनहवा तथा हरनामपुर में आयोजित बैठकों में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।

थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि होली प्रेम, उल्लास और भाईचारे का पर्व है। इसे आपसी सद्भाव के साथ मनाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि होली के दिन हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, कपड़े फाड़ने या किसी भी प्रकार की अराजकता फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति त्योहार के दौरान माहौल खराब करने की कोशिश करता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करेगी। थाना अध्यक्ष ने यह भी कहा कि वर्तमान में रमजान का पवित्र महीना चल रहा है, इसलिए दोनों पर्वों को ध्यान में रखते हुए आपसी सम्मान और सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
बैठक में वरिष्ठ उप निरीक्षक तारकेश्वर, उप निरीक्षक गजेंद्र प्रताप सिंह, राजन पासवान, आलोक यादव, दीपक यादव, अर्चना यादव, प्रिया वर्मा सहित पुलिस कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामवासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा।


















