लखनऊ। प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) की राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का समापन के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में हुआ।
समापन समारोह में विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम और निदेशक प्रशिक्षण अभिषेक सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान किए।
प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और मंत्री कपिल देव अग्रवाल के नेतृत्व में आईटीआई प्रशिक्षार्थियों के लिए पहली बार इस प्रकार की राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि कौशल विकास के साथ शारीरिक फिटनेस भी उतनी ही आवश्यक है, क्योंकि स्वस्थ और अनुशासित प्रशिक्षार्थी ही उद्योगों में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले वर्षों में निजी आईटीआई को भी प्रतियोगिता में शामिल करते हुए आयोजन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बीते चार माह में जनपद और मंडल स्तर पर चयन प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें लगभग 4000 प्रशिक्षार्थियों ने 12 विभिन्न खेलों में भाग लिया।
इनमें से करीब 600 खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता तक पहुंचे। तीन दिवसीय इस आयोजन में छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रशिक्षार्थियों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास बढ़ाने में सहायक सिद्ध होते हैं।
विशेष रूप से छात्राओं के लिए यह मंच आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ है। निदेशक प्रशिक्षण अभिषेक सिंह ने कहा कि मंत्री कपिल देव अग्रवाल एवं प्रमुख सचिव के मार्गदर्शन में आयोजित यह पहली राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता भविष्य में प्रत्येक वर्ष और बेहतर स्वरूप में आयोजित की जाएगी।
उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में विभागीय अधिकारियों, तकनीकी निदेशालय तथा राजकीय आईटीआई अलीगंज के नोडल अधिकारियों के योगदान की सराहना की।
इस राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता को सफल बनाने में डी. के. सिंह, निदेशक (प्राविधिक), मयंक गंगवार, संयुक्त निदेशक एससीवीटी तथा राज कुमार यादव, नोडल प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई अलीगंज का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम में अतिरिक्त निदेशक मानपाल सिंह, अतिरिक्त निदेशक राजेन्द्र प्रसाद, संयुक्त निदेशक योगेन्द्र सिंह, संयुक्त निदेशक अनिल वर्मा, संयुक्त निदेशक ए.के. राणा, संयुक्त निदेशक बी.वी. सिंह, संयुक्त निदेशक अरविन्द कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


















