शकील अहमद
लखनऊ। राजीव नगर, तेलीबाग स्थित काल्विन पब्लिक स्कूल के निदेशक विनोद पांडेय का नववर्ष के शुभ अवसर पर सम्मान किया गया। यह सम्मान अवध वृन्दावन डेवलपमेंट एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एस.के. द्विवेदी द्वारा प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव, भारतीय पत्रकार एवं मानवाधिकार परिषद तथा समाजसेवी खरिका वार्ड प्रथम के उपविजेता मो. शकील भी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान विनोद पांडेय को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया तथा संगठन की डायरी और कैलेंडर भेंट किया गया।
उपस्थित लोगों ने विद्यालय के प्रति उनकी दूरदर्शिता और समर्पण की सराहना की।।इस अवसर पर विनोद पांडेय ने शिक्षकों के लिए संदेश देते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम की शिक्षा न दें, बल्कि उन्हें सत्य का अनुसरण करने और नैतिक मूल्यों के साथ जीवन जीने की प्रेरणा भी दें।
उन्होंने कहा कि जब छात्र सत्य और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ेंगे, तभी वे उच्च गुणवत्ता हासिल कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपने विद्यालय और शिक्षकों का नाम रोशन कर सकेंगे। उनका मानना है कि शिक्षा यदि चरित्र निर्माण के साथ हो तो समाज में अपराध जैसी समस्याओं को भी काफी हद तक कम किया जा सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि हर शिक्षक को अपने छात्रों के साथ न्यायपूर्ण व्यवहार करते हुए उन्हें निरंतर प्रगति की ओर प्रेरित करना चाहिए। यही उनका शिक्षकों के लिए शुभ संदेश है।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एस.के. द्विवेदी ने कहा कि विद्यालयों में शिक्षक केवल विषय नहीं पढ़ाते, बल्कि जीवन के मार्गदर्शक होते हैं। गुरु-शिष्य परंपरा हमारी भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है और शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करना हमारा कर्तव्य है।
कार्यक्रम में संगठन के अन्य पदाधिकारियों ने भी विनोद पांडेय के कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।


















