आर स्टीफ़न (स्टेट हेड)
चिरमिरी (एमसीबी, छत्तीसगढ़)। जिले के चिरमिरी क्षेत्र स्थित गोदरी पारा में पानी और बिजली की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। हालात ऐसे बन गए हैं कि स्थानीय लोगों और कामगारों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और आए दिन विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
सूत्रों के अनुसार कुरासिया कलरी क्षेत्र में पानी और बिजली की अनियमित आपूर्ति को लेकर कामगारों और स्थानीय लोगों द्वारा कई बार विरोध प्रदर्शन किया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है। इस वजह से लोगों में आक्रोश लगातार बढ़ रहा है।
बताया जा रहा है कि समस्या को लेकर श्रमिक संगठनों और प्रबंधन के बीच कई बार बातचीत की कोशिश की गई, लेकिन किसी निष्कर्ष पर बात नहीं पहुंची। इसी के चलते शुक्रवार को प्रथम पाली के कामगारों ने काम बंद कर विरोध प्रदर्शन किया और तत्काल समाधान की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कुछ कामगारों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है। कुछ लोगों ने तो आक्रोश में आत्मदाह जैसी गंभीर चेतावनी तक दे डाली, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ अधिकारियों और फोरमैन की मनमानी के कारण समस्या लगातार बनी हुई है। लोगों का कहना है कि यदि जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो यह विवाद आगे चलकर बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकता है।
कामगारों और श्रमिक संगठनों ने प्रबंधन से मांग की है कि जल्द से जल्द बैठकर इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल हो सके।
वर्तमान स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और प्रशासन से भी हस्तक्षेप की उम्मीद जताई जा रही है।


















