शकील अहमद
लखनऊ। जनपद की सभी पांचों तहसीलों में 04 अप्रैल 2026 को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील सदर में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी ने की, जहां आमजन की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनता की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए और शिकायतकर्ताओं को इसकी जानकारी भी दी जाए।
तहसील सदर में कुल 73 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 26 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश के साथ भेजा गया।
अन्य तहसीलों की स्थिति इस प्रकार रही-
मलिहाबाद: 72 में से 06 प्रकरणों का निस्तारण
बीकेटी: 99 में से 20 प्रकरणों का निस्तारण
मोहनलालगंज: 160 में से 36 प्रकरणों का निस्तारण
सरोजनीनगर: 117 में से 14 प्रकरणों का निस्तारण
इस प्रकार जनपद की पांचों तहसीलों में कुल 521 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 102 प्रकरणों का मौके पर समाधान किया गया।
विभागवार प्राप्त शिकायतों में पुलिस के 140, राजस्व के 210, विकास के 40, शिक्षा के 03, स्वास्थ्य के 02, समाज कल्याण के 16, नगर निगम के 16 तथा अन्य 94 प्रकरण शामिल रहे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा में किया जाए तथा फोटो व वीडियो के साथ आख्या प्रस्तुत की जाए। साथ ही, निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं से फोन पर फीडबैक लेना भी सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश सिंह, उपजिलाधिकारी सदर मनोज सिंह, तहसीलदार सदर जेपी सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


















