खीरों, रायबरेली। थाना क्षेत्र के सुर्जखेड़ा मजरे लोदीपुर गांव में शॉर्ट सर्किट के कारण एक किसान के खेत में आग लग गई, जिससे खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। घटना से किसान को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार सुर्जखेड़ा निवासी किसान बहादुर पुत्र मैकू के खेतों में दोपहर के समय अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने गेहूं की खड़ी फसल को अपनी चपेट में ले लिया और करीब दस बिस्वा फसल जलकर नष्ट हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों की तत्परता से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया, जिससे अन्य खेतों तक आग फैलने से बचाव हो गया।
घटना की सूचना लेखपाल को दी गई, जिसके बाद मौके का निरीक्षण किया गया। लेखपाल ने बताया कि किसान के हुए नुकसान का आकलन कर उसे मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

















