शिवभक्ति में सराबोर हुआ लखनऊ: श्री शिव महापुराण कथा के चतुर्थ दिवस उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

शकील अहमद

सरोजनीनगर, लखनऊ। धर्म, आस्था और सनातन परंपरा के केंद्र लखनऊ में आयोजित विशाल श्री शिव महापुराण कथा का चतुर्थ दिवस श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना के शिखर के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। श्री रामलीला मैदान, हिंद नगर में चल रहे इस दिव्य आयोजन में रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई, जिससे पूरा पंडाल शिवमय वातावरण में डूबा नजर आया।

चतुर्थ दिवस की कथा में परम पूज्य श्री प्रशांत प्रभु जी महाराज ने भगवान शिव के त्याग, तप, संयम, वैराग्य और लोककल्याणकारी स्वरूप का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने अपने प्रवचनों में कहा कि धैर्य, सत्य और भक्ति के मार्ग पर चलकर ही मानव जीवन को सच्ची दिशा और सार्थकता प्राप्त होती है। उनके ओजस्वी वचनों ने श्रद्धालुओं को आत्ममंथन और आत्मोन्नयन के लिए प्रेरित किया।

कथा के दौरान भगवान शिव के आदर्श जीवन और शिवभक्तों की महिमा पर विशेष प्रकाश डाला गया। साथ ही भजन-कीर्तन की मधुर प्रस्तुति ने संपूर्ण वातावरण को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए और पूरा परिसर “हर हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा।

आयोजन के अंतर्गत राष्ट्रीय रक्षा एवं लोककल्याण की भावना से प्रेरित रुद्र महायज्ञ प्रतिदिन प्रातः 8:00 बजे से 12:00 बजे तक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हो रहा है, जिसमें विद्वान आचार्यों द्वारा विधिवत आहुतियाँ दी जा रही हैं। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

चतुर्थ दिवस के अवसर पर पूर्व एमएलसी (लखनऊ-उन्नाव) श्री अरविंद त्रिपाठी (गुड्डू भैया) ने कथा स्थल पर पहुंचकर गुरुदेव श्री प्रशांत प्रभु जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके अलावा लखीमपुर खीरी के जंग बहादुरगंज से पधारे श्री आशीष शुक्ला, श्री संतोष गुप्ता, श्री विनीत दीक्षित, श्रीमती सीमा सिंह, श्री राजेश सिंह, श्री अमित गुप्ता, श्री निलेश गुप्ता, श्री संदीप शुक्ला, श्री मदन लाल एवं श्री देव सिंह विशेष रूप से कथा श्रवण हेतु उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि ये सभी श्रद्धालु प्रतिवर्ष सल्लिया में श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन कराते हैं।

श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन 15 दिसंबर से 25 दिसंबर 2025 तक प्रतिदिन सायं 4:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक किया जा रहा है। कथा उपरांत श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद एवं नित्य भंडारे की भव्य व्यवस्था भी की गई है।

इस भव्य धार्मिक आयोजन के मुख्य यजमान श्री सर्वेश तिवारी एवं श्रीमती सुमन तिवारी हैं। कार्यक्रम विधायक सरोजनी नगर श्री राजेश्वर सिंह के संरक्षण, कथा अध्यक्ष श्रीमती मधु यादव के मार्गदर्शन, यज्ञ प्रमुख श्री संजय सिंह राठौर के संचालन तथा मुख्य व्यवस्थापक श्रीमती रंजना मिश्रा के कुशल प्रबंधन में निरंतर दिव्य स्वरूप ग्रहण कर रहा है।

आयोजन समिति ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से आग्रह किया है कि पंचम दिवस की कथा में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्यलाभ अर्जित करें, जहां विशेष आध्यात्मिक प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts