शकील अहमद
लखनऊ। सरोजनीनगर थाना पुलिस टीम ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी भरा पत्र देकर रंगदारी मांगने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कूटी, हेलमेट और शॉल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 30 जनवरी 2026 को वादी गौरव बतरा पुत्र खेम करन निवासी रोहित रेजिडेंसी, विकल्प खंड, लखनऊ ने थाना सरोजनीनगर में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसी दिन उनके हिंदनगर ट्रांसपोर्ट नगर स्थित दवा गोदाम करुण इंटरप्राइजेज पर तैनात सुरक्षा गार्ड को एक लिफाफा मिला था।
लिफाफे में मौजूद पत्र में 15 दिनों के भीतर 30 लाख रुपये रंगदारी की मांग की गई थी। साथ ही रकम न देने पर वादी और उनके कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी गई थी। पत्र के अंत में “बिश्नोई गैंग यूपी पूर्वी” लिखा हुआ था।
प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना सरोजनीनगर में मु0अ0सं0-052/2026 धारा 308(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा चार विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घटना में संलिप्त अभियुक्त उमेश कुमार यादव पुत्र स्व. हरिशंकर यादव निवासी ग्राम बिसहर थाना खेजुरी, जनपद बलिया (वर्तमान पता: दुर्गा माता मंदिर के पास, बिजनौर, लखनऊ) उम्र लगभग 38 वर्ष को रहीमाबाद रोड से समय करीब 12:20 बजे गिरफ्तार किया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह पहले करुण इंटरप्राइजेज के दवा गोदाम में कार्यरत था। अगस्त 2025 में बकाया भुगतान न मिलने के कारण उसने नौकरी छोड़ दी थी। अभियुक्त ने यह भी बताया कि उस पर बैंक का लगभग सात लाख रुपये का कर्ज था, जिसकी किस्तें वह चुका नहीं पा रहा था। आर्थिक दबाव के चलते और फिल्मों व वेब सीरीज से प्रभावित होकर उसने रंगदारी की योजना बनाई।
अभियुक्त के अनुसार उसने स्वयं पत्र लिखकर स्कूटी से दवा गोदाम पहुंचकर हेलमेट पहनकर और शॉल ओढ़कर गार्ड को लिफाफा सौंपा और मौके से निकल गया। पुलिस ने अभियुक्त के बयान के आधार पर घटना में प्रयुक्त स्कूटी, हेलमेट और शॉल बरामद कर ली है।
पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


















