सौरभ जायसवाल
महराजगंज। ग्राम पंचायत बरगाहपुर के टोला रामफलजोत में गुड़िया पत्नी महेंद्र के कच्चे मकान में आग लगने से घर में रखा पूरा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में परिवार को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है। अग्निकांड में बेड, बिस्तर, कपड़े, बर्तन सहित दैनिक उपयोग का सारा सामान नष्ट हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। घटना के समय गृहस्वामिनी गुड़िया किसी कार्य से घर से बाहर गई हुई थीं। इसी दौरान अचानक मकान से धुआं उठता दिखाई दिया और देखते ही देखते आग की लपटें फैल गईं।
आग की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी व उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि कच्चा मकान होने के कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही समय में पूरा घर जलकर खाक हो गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना की जानकारी मिलने पर पंचायत प्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। आगजनी के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने, खाने और पहनने जैसी बुनियादी जरूरतों का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।


















