शकील अहमद
बंथरा (लखनऊ)। राजधानी लखनऊ के थाना बंथरा क्षेत्र में गैर इरादतन हत्या के मामले में वांछित एक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 22 फरवरी 2026 को वादिनी पूजा रावत पत्नी संदीप कुमार, निवासी ग्राम चक थाना बंथरा, द्वारा दहेज प्रताड़ना एवं मारपीट के संबंध में तहरीर दी गई थी। तहरीर के आधार पर थाना बंथरा में मु0अ0सं0 45/2026 धारा 85(1), 115(2), 352, 110 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान घायल रामनरेश निवासी ग्राम चक, जिन्हें सिर पर गंभीर चोट आई थी, की उपचार के दौरान केजीएमयू लखनऊ में मृत्यु हो गई। इसके बाद मुकदमे में धारा 105 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि पूजा रावत का विवाह लगभग दो वर्ष पूर्व संदीप पुत्र श्यामलाल निवासी ग्राम चक के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही पति एवं ससुराल पक्ष द्वारा दहेज को लेकर प्रताड़ित किए जाने का आरोप है।
13 फरवरी 2026 को पूजा ने ऑपरेशन से एक बच्चे को जन्म दिया था। 22 फरवरी को उसके पिता रामनरेश बेटी को मायके ले जाने के लिए ग्राम चक पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ।
आरोप है कि विवाद के दौरान मारपीट हुई, जिसमें रामनरेश को सिर पर फावड़े से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
उन्हें पहले गौरी बाजार स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां से लोकबंधु अस्पताल और बाद में केजीएमयू लखनऊ रेफर किया गया। उपचार के दौरान 26 फरवरी 2026 को उनकी मृत्यु हो गई।
अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। मुखबिर की सूचना पर ग्राम चक से नरायनपुर-बहटा मार्ग के पास से अभियुक्त संदीप रावत (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। मामले में अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


















