शकील अहमद
लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में जनसेवा के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के आवास सेक्टर-के 950, आशियाना में “आभार दिवस” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का भारी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में 10,000 से अधिक लोगों की उपस्थिति रही और लगभग पाँच घंटे तक लोगों द्वारा विधायक को शुभकामनाएँ देने का सिलसिला चलता रहा।

कार्यक्रम के दौरान प्रसाद वितरण भी किया गया, जिसमें विभिन्न प्रकार के पकवानों की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षा, युवा सशक्तिकरण, महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी नई पहलों की शुरुआत करना रहा।
इस अवसर पर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा तीन नए रण बहादुर सिंह (आरबीएस) डिजिटल एजुकेशन एंड यूथ एम्पावरमेंट सेंटर का लोकार्पण किया गया। इससे पहले उनके प्रयासों से क्षेत्र में 14 सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं। इन केंद्रों के माध्यम से युवाओं को निःशुल्क कंप्यूटर शिक्षा, डिजिटल स्किल्स, एआई आधारित लर्निंग और रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल करते हुए विधायक ने 10 नए तारा शक्ति सिलाई केंद्र स्थापित करने की घोषणा की। अब तक स्थापित 162 तारा शक्ति सिलाई केंद्रों के माध्यम से लगभग 1700 से अधिक सिलाई मशीनें महिलाओं को वितरित की जा चुकी हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह के प्रयासों से अब तक 43 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास स्थापित की जा चुकी हैं, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा प्राप्त हो रही है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित मेधावी सम्मान समारोह में 25 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को लैपटॉप तथा 50 मेधावी छात्र-छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई। उनकी पहल पर अब तक सरोजनीनगर क्षेत्र में 1700 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जा चुका है।
सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विधायक द्वारा “सेफ सरोजनीनगर” अभियान का भी शुभारंभ किया गया, जिसके अंतर्गत युवाओं और कार्यकर्ताओं को 1000 हेलमेट वितरित किए गए। इस अभियान का उद्देश्य लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी कार्यक्रम के दौरान कदंब के पौधों का वृक्षारोपण कर एक व्यापक अभियान शुरू किया गया, जिसके अंतर्गत 100 पौधे लगाए गए। यह पहल नेट ज़ीरो सरोजनीनगर के लक्ष्य को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से 10 नए यूथ क्लब स्थापित करने और उन्हें स्पोर्ट्स किट देने की घोषणा की गई। इससे पहले विधायक की पहल पर क्षेत्र में 282 स्पोर्ट्स क्लब स्थापित किए जा चुके हैं।
इसके अलावा क्षेत्र के पाँच मंदिरों में पाँच हैंडपंप स्थापित करने की घोषणा भी की गई। डॉ. राजेश्वर सिंह के प्रयासों से अब तक सीएसआर और विधायक निधि के माध्यम से सरोजनीनगर क्षेत्र में लगभग 360 हैंडपंप लगाए जा चुके हैं। इसके साथ ही 200 से अधिक मंदिरों में सोलर लाइट, बैठने की बेंच, हैंडपंप और रंगाई-पुताई के माध्यम से जीर्णोद्धार का कार्य कराया गया है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने गौरी, कानपुर रोड स्थित सार्वजनिक शिक्षोन्नयन संस्थान द्वारा संचालित वृद्धाश्रम में राशन प्रदान कर अन्नदान भी किया।
इस अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि पिछले चार वर्षों की यह यात्रा केवल उपलब्धियों की नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और सहयोग की कहानी है। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प है कि सरोजनीनगर को उत्तर प्रदेश का एक आदर्श और विकसित विधानसभा क्षेत्र बनाया जाए, जहाँ शिक्षा सशक्त हो, युवा सक्षम हों और समाज सुरक्षित व समृद्ध बने।


















