ऊंचाहार (रायबरेली)। सवैया तिराहा अंडरपास से प्रयागराज जाने वाला बाईपास मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे राहगीरों के लिए यह रास्ता अब खतरे का कारण बन गया है। अंडरपास के मोड़ पर करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन गया है, जिसके चलते आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार हाल ही में एक दूधिया की मोटरसाइकिल इसी गड्ढे के कारण असंतुलित होकर टकरा गई, जिससे करीब 40 लीटर दूध सड़क पर ही बर्बाद हो गया। वहीं कई ई-रिक्शा भी इस जगह पर पलट चुके हैं, जिससे छोटे-बड़े हादसे लगातार हो रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि यह मार्ग ऊंचाहार तहसील के बिल्कुल पास स्थित है, जहां से एसडीएम और तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी प्रतिदिन गुजरते हैं। इतना ही नहीं, पास में स्थित वीआईपी गेस्ट हाउस में आने वाले उच्च न्यायालय और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं।
इसके बावजूद सड़क की मरम्मत को लेकर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। क्षेत्रीय लोगों में इसको लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराकर इस खतरनाक गड्ढे को भरा जाए, ताकि आने-जाने वाले लोगों को राहत मिल सके।


















