शकील अहमद
सरोजनी नगर, लखनऊ। सरोजनी नगर द्वितीय वार्ड 18 के अंतर्गत बदाली खेड़ा क्षेत्र में रविवार (05 अप्रैल 2026) को लगभग 700 मीटर लंबी एवं 3 मीटर चौड़ी सीसी रोड निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ कराया गया।
यह कार्य लोक निर्माण विभाग के माध्यम से कराया जा रहा है, जिसमें महापौर सुषमा खर्कवाल, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर और क्षेत्रीय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह का सहयोग बताया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसमें मंडल अध्यक्ष के.के. श्रीवास्तव एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेश गुप्ता द्वारा नारियल फोड़कर कार्य का शुभारंभ किया गया। वहीं अशोक ओझा और सूर्यकुमार मिश्रा द्वारा फावड़ा चलाकर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की गई।

पार्षद प्रतिनिधि संतोष त्रिपाठी ने बताया कि यह सड़क बदाली खेड़ा की मुख्य सड़क है, जिस पर प्रतिदिन करीब 2 से 3 हजार लोगों का आवागमन होता है। उन्होंने जानकारी दी कि यह सड़क डॉ. लाल मौर्या के क्लीनिक से शुरू होकर पाल के शिव मंदिर, राजकुमार उपाध्याय के घर तक तथा सत्यलोकेश्वर मंदिर से जे.पी. वर्मा के मकान तक बनाई जाएगी।
इस निर्माण कार्य पर लगभग 1.40 लाख रुपये की लागत आएगी। इस अवसर पर मौजूद क्षेत्रीय लोगों ने कार्यक्रम में शामिल जनप्रतिनिधियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया और “जिंदाबाद” के नारों के साथ खुशी जाहिर की।
पार्षद प्रतिनिधि संतोष त्रिपाठी ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों के लिए विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह एवं पार्षद रामनरेश रावत (एडवोकेट) सहित सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने लखनऊ सांसद एवं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नीरज सिंह, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अन्य पदाधिकारियों के सहयोग को भी सराहा।
कार्यक्रम में प्रीति शर्मा (मंडल मंत्री), फूलचंद गौतम, पंकज कुमार, अमित कुमार, राजेश कुमार पाल, सतीश रावत, हिमांशु, सूबेदार, प्रिंस, चंदन, शिवा, ऋषि राम, संजय चौधरी, अभिषेक, कुलदीप, तेज कुमार, विवेक तिवारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


















