सलमान खान
रामपुर। जनपद के नवागत पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने केमरी कोतवाली का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

एसपी ने कोतवाली परिसर में अपराध रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर, मालखाना रजिस्टर और विवेचना रजिस्टर सहित विभिन्न अभिलेखों के रखरखाव की जांच की। इसके साथ ही कार्यालय, मालखाना, भोजनालय, हवालात, कंप्यूटर कक्ष, बैरक, महिला हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर सेल और शस्त्रागार का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने शस्त्रों की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोतवाली में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को शालीनता से सुना जाए और उसका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आमजन के साथ विनम्र व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया।
एसपी सोमेंद्र मीना ने कहा कि पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करें, जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करें और अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता दें, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था और मजबूत हो सके।


















