शकील अहमद
लखनऊ/गोरखपुर। सवर्ण आर्मी के सहयोग और पुलिस की सक्रियता से गोला बाजार थाना क्षेत्र की लापता किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया है। परिजनों ने इस मामले में सहयोग के लिए सवर्ण आर्मी और पुलिस का आभार जताया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किशोरी के जीजा प्रभाकर पांडे ने सवर्ण आर्मी के जिला प्रभारी करुणा शंकर उपाध्याय को बताया कि उनकी शाली 2 अप्रैल 2026 को स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रभारी ने इसकी सूचना संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उत्पल श्रीवास्तव और राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वेश पाण्डेय को दी। इसके बाद राष्ट्रीय स्तर से निर्देश जारी कर गोरखपुर और संतकबीरनगर इकाइयों को सहयोग के लिए सक्रिय किया गया।
गोरखपुर जिला अध्यक्ष विनय त्रिपाठी और संतकबीरनगर (खलीलाबाद) जिला अध्यक्ष विभव नाथ त्रिपाठी के सहयोग से करुणा शंकर उपाध्याय ने तत्काल गोला बाजार थाना प्रभारी को पूरे मामले से अवगत कराया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए टीम गठित की और मोबाइल नंबर की सीडीआर के आधार पर अंकित यादव के नंबर की लोकेशन ट्रेस कर किशोरी को समय रहते सकुशल बरामद कर लिया।
बरामदगी के बाद किशोरी को परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि मामले में आगे की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
परिजनों ने सवर्ण आर्मी और गोला बाजार थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया है।


















