सलमान खान
रामपुर। जनपद के नवागत पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना द्वारा बिलासपुर कोतवाली का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोतवाली परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए अभिलेखों की स्थिति, साफ-सफाई और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान एसपी सोमेंद्र मीना ने बिलासपुर कोतवाली के कार्यालय में रखे अपराध रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर, मालखाना रजिस्टर और विवेचना रजिस्टर के रखरखाव एवं उनमें दर्ज प्रविष्टियों को ध्यानपूर्वक चेक किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अभिलेखों को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखा जाए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने कोतवाली परिसर में बने कार्यालय, मालखाना, हवालात, कंप्यूटर कक्ष, बैरक, भोजनालय, महिला हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर सेल तथा शस्त्रागार का निरीक्षण किया। शस्त्रों की साफ-सफाई और रखरखाव की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी द्वारा कोतवाली परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली भी जांची गई और निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्कता एवं ईमानदारी से कार्य करने, अनुशासन बनाए रखने तथा जनता के साथ विनम्र व्यवहार रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कोतवाली में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को शालीनता से सुना जाए और उसका त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
इनसेट
रूद्रबिलास चौकी का भी किया निरीक्षण, निर्माणाधीन भवन का लिया जायजा

बिलासपुर क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान एसपी सोमेंद्र मीना ने रूद्रबिलास चौकी का भी औचक निरीक्षण किया। यहां उन्होंने चौकी परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया कि वे पूरी सतर्कता और ईमानदारी के साथ कार्य करें तथा आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित करें। उन्होंने यह भी कहा कि चौकी पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उसका शीघ्र निस्तारण किया जाए।
इसके अतिरिक्त एसपी ने रूद्रबिलास चौकी के निर्माणाधीन नए भवन का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।


















