शकील अहमद
लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि पर्वतीय समाज देवभूमि और तपोभूमि की जीवंत पहचान है, जिसने भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया को आध्यात्म, योग और शौर्य की अनुपम विरासत दी है।
वे बीरबल साहनी मार्ग स्थित गोविंद बल्लभ पंत पर्वतीय सांस्कृतिक उपवन में पर्वतीय महापरिषद द्वारा आयोजित 15 दिवसीय पौराणिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक उत्तरायणी कौथिग मेला–2026 के 25वें रजत जयंती वर्ष समारोह को संबोधित कर रहे थे।
अपने संबोधन में डॉ. राजेश्वर सिंह ने पर्वतीय समाज के सैन्य योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि देश की रक्षा में इस समाज ने असाधारण शौर्य का परिचय दिया है। उन्होंने मेजर सोमदत्त शर्मा, मेजर शैतान सिंह, देश के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत तथा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का उल्लेख करते हुए कहा कि इन वीर सपूतों ने भारत को वैश्विक मंच पर गौरव प्रदान किया है।
डॉ. सिंह ने लखनऊ के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि आज शहर Ease of Living, Happiness Index और Quality of Life Index में देश के शीर्ष पाँच शहरों में शामिल हो चुका है। उन्होंने बताया कि सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में स्थापित शिवरी वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में प्रतिदिन लगभग 2100 मीट्रिक टन कचरे का प्रसंस्करण किया जा रहा है, जो स्वच्छता और सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों के पीछे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की दूरदर्शी सोच तथा पर्वतीय समाज से आने वाली लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल के निरंतर प्रयासों की अहम भूमिका रही है।
उत्तरायणी कौथिग मेले के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विधायक ने कहा कि ऐसे आयोजन संस्कृति, परंपरा, लोककला और हस्तशिल्प को संरक्षण देने के साथ-साथ समाज को एकजुट करने का कार्य करते हैं। उन्होंने रजत जयंती वर्ष समारोह के सफल आयोजन के लिए गणेश चंद्र जोशी और उनकी पूरी टीम को बधाई दी।
इस अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने घोषणा की कि गत वर्ष मेले के लिए ₹5 लाख की सहायता दी गई थी, जबकि इस वर्ष मेले को और अधिक भव्य स्वरूप देने के लिए ₹7.5 लाख की धनराशि प्रदान की जाएगी, जिससे आयोजन को नया वैभव मिलेगा।
कार्यक्रम में महापौर सुषमा खर्कवाल, गणेश चंद्र जोशी, महेंद्र सिंह रावत, के.एन. चंदोला, नरेंद्र सिंह, गोवर्धन भट्ट, जानकी अधिकारी, चित्रा कांडपाल, बी.डी. जोशी, लक्ष्मण सिंह धामी, पुष्कर नयाल, के.एन. पांडेय, एन.के. उपाध्याय, सुमन रावत, गोविंद बोरा, बीना रावत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


















