सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज (महाराजगंज)। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के धानी बाजार स्थित इंदु पैलेस में शुक्रवार दोपहर बिजली डेकोरेशन का काम करते समय करंट लगने से एक किशोर मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानी में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार करीब 12 बजे इंदु पैलेस धानी बाजार में बिजली डेकोरेशन का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली करंट की चपेट में आने से वहां काम कर रहे दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।
इस हादसे में दिव्यांशु (16) पुत्र गणेश निवासी अमहवा, थाना कैंपियरगंज जनपद गोरखपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राजन यादव (18) पुत्र भजन यादव निवासी अमहवा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानी पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि दोनों मजदूर पंकज सैनी निवासी धानी, थाना बृजमनगंज के यहां बिजली डेकोरेशन का कार्य करते हैं। उन्हीं के कहने पर दोनों युवक इंदु पैलेस में बिजली का काम करने पहुंचे थे। काम के दौरान अचानक करंट लगने से यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार अभी तक इस संबंध में कोई लिखित प्रार्थना पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। शिकायत मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक घटना से इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है।


















