सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। एमएस पब्लिक स्कूल सहजनवा बाबू में मातृ-पितृ पूजन दिवस बड़े भावनात्मक माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत बृजमनगंज के अध्यक्ष राकेश जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन की शुरुआत आयोजक गणेश गुप्ता द्वारा मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत से हुई।
विद्यालय प्रबंधक बृजभान यादव ने अपने संबोधन में कहा कि आज की युवा पीढ़ी को अपने माता-पिता के प्रति सम्मान और कर्तव्य को समझने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि परिवार ही जीवन की पहली पाठशाला है और माता-पिता का आशीर्वाद ही बच्चों की सबसे बड़ी पूंजी है।
कार्यक्रम आयोजक गणेश गुप्ता ने कहा कि भारतीय संस्कृति में माता-पिता को भगवान के समान माना गया है और उनका सम्मान करना प्रत्येक संतान का कर्तव्य है।

इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गीत और नाटक के माध्यम से माता-पिता की महिमा और उनके जीवन में महत्व को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब बच्चों ने अपने माता-पिता का पूजन-अर्चन किया, उन्हें आलिंगन किया और उनके चरणों में नतमस्तक होकर आशीर्वाद लिया। पूरे विद्यालय परिसर में भावनात्मक वातावरण दिखाई दिया।
मुख्य अतिथि राकेश जायसवाल ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में संस्कार और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। उन्होंने पूजन करने वाली दो बेटियों को उपहार भेंट किया और घोषणा की कि जब तक वे पद पर रहेंगे या उनके परिवार का कोई सदस्य पद पर रहेगा, तब तक उन दोनों बच्चों की विद्यालय फीस की व्यवस्था उनका परिवार करेगा।
कार्यक्रम में सभासद धर्मेंद्र चौरसिया, जेपी गौड़, मनोज जायसवाल, जितेंद्र कुमार, शीतलाल गुप्ता, अनिल मणि, अशोक गुप्ता सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन उत्साह, भावनाओं और पारिवारिक मूल्यों के संदेश के साथ हुआ।


















