सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महाराजगंज। बृजमनगंज क्षेत्र स्थित ए आर सी पब्लिक स्कूल सहजनवा बाबू में सीनियर छात्रों के लिए आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया गया। भावनाओं से भरे इस कार्यक्रम में सीनियर बच्चों को विद्यालय परिवार की ओर से शुभकामनाएं और मार्गदर्शन के साथ विदाई दी गई। समारोह के दौरान कई अभिभावकों और शिक्षकों की आंखें नम नजर आईं।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक तरीके से की गई। सीनियर छात्रों ने बिदाई गीत प्रस्तुत किए और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपने विद्यालय जीवन की यादों को साझा किया। मंच पर प्रस्तुत नृत्य और गीतों ने पूरे वातावरण को भावुक और उत्साहपूर्ण बना दिया।
नगर पंचायत बृजमनगंज के अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने विद्यार्थियों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया। उन्होंने छात्रों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की सलाह दी और कहा कि अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सीताराम चौरसिया ने अपने संबोधन में कहा कि यह विदाई नहीं, बल्कि एक नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार हमेशा छात्रों के साथ खड़ा रहेगा और उन्हें भविष्य में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।
कार्यक्रम में सीताराम पासवान, नीता सिंह, दीपा सिंह, पूनम चौरसिया, शोभा, प्रतिभा, गया, कमलेश, विश्वनाथ, जगदंबा जायसवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आशीर्वाद समारोह के अंत में सीनियर छात्रों ने अपने शिक्षकों का आभार व्यक्त किया और उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।


















