सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज (महाराजगंज)। आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज के वार्ड संख्या 15, मनसबगढ़ निवासी 28 वर्षीय सनोज चौधरी की मौत के साथ ही उनके परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
बीते 6 दिनों से अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे सनोज ने रविवार की रात दम तोड़ दिया। सोमवार सुबह जैसे ही एंबुलेंस से उनका शव गांव पहुंचा, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार 6 अप्रैल 2026 की रात बृजमनगंज-लेदवां चौराहे के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई थी। इस हादसे में सनोज चौधरी और सुरेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
दोनों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से सीएचसी बृजमनगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया था।
हादसे की सूचना मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल सिद्धार्थनगर पहुंचे थे और घायलों का हाल-चाल जानकर परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिया था।
बाद में हालत में सुधार न होने पर परिजन सनोज को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर ले गए, जहां लगातार 6 दिनों तक उपचार चला, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
सनोज चौधरी दो भाइयों में छोटे थे। उनके बड़े भाई मनोज चौधरी और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। सनोज अपने पीछे एक मासूम पुत्र छोड़ गए हैं, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया। शव के गांव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया और वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।
शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान चेयरमैन राकेश जायसवाल, झिनक चौधरी, सतेंद्र चौधरी, परमेंद्र चौधरी, नागेंद्र चौधरी, सतपाल चौधरी, झिनक विश्वकर्मा, अनिल मणि, धर्मेंद्र चौरसिया सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
सूचना पर पहुंची बृजमनगंज पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। उपनिरीक्षक गजेंद्र प्रताप सिंह और कांस्टेबल अरविंद खरवार ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


















